जामताड़ा: 24 से 26 जुलाई 2026 तक रांची के खेल गांव में आयोजित होने वाली 16वीं झारखंड राज्य सब-जूनियर एवं जूनियर तैराकी प्रतियोगिता में जामताड़ा जिले के नौ तैराक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. प्रतियोगिता के लिए बालक एवं बालिका वर्ग से खिलाड़ियों का चयन होने पर जिले के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है. सभी को खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन और पदक जीतने की उम्मीद है.



बालिका वर्ग में साक्षी सिंह, आरोही कुमारी, ऋचा वर्मा, अवंतिका सिंह एवं शौम्या जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी. वहीं बालक वर्ग में अभिजीत साह, आयुष राउथ, अर्नभ आनंद तथा विजय आनंद सिंह अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे.
जिला तैराकी संघ के सचिव देबाशीष मुखर्जी ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता की तैयारी के लिए लगातार मेहनत की है. उन्होंने विश्वास जताया कि सभी खिलाड़ी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जामताड़ा का नाम रोशन करेंगे.
संघ के अध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास के साथ बेहतर प्रदर्शन करें तथा पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाएं.
इस अवसर पर संघ के उपाध्यक्ष विवेक मंडल, श्याम नारायण चौधरी, कंचन रजक, सरोज कुमार यादव, सतिनाथ गोस्वामी, उमा झा, बंटी सिंह एवं विवेक घोष ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और राज्य प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के साथ पदक जीतकर लौटने की शुभकामनाएं दीं.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





