
बोकारो: अपनी लंबित मांगों को लेकर विस्थापित अप्रेंटिस संघ ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है. संघ ने घोषणा की है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो 13 जुलाई को बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के सभी गेट जाम किए जाएंगे.


संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि बीएसएल प्रबंधन ने पूर्व में 21 दिनों के भीतर मांगों पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया था, लेकिन निर्धारित अवधि बीत जाने के बावजूद कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया. कई दौर की वार्ता के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं होने से नाराज संघ ने अब चरणबद्ध आंदोलन का रास्ता अपनाने का फैसला किया है.
संघ की प्रमुख मांगों में विस्थापित अप्रेंटिसों को कैजुअल पद पर बहाल करना, 4328 अप्रेंटिसों की नियुक्ति, विस्थापित परिवारों के सदस्यों को 45 वर्ष की आयु तक चौथे ग्रेड में नियोजन, शहीद प्रेम प्रसाद के आश्रित को नौकरी तथा ठेका व्यवस्था में छंटनी पर रोक लगाकर 60 वर्ष तक कार्य की अनुमति देना शामिल है.
संघ ने स्पष्ट कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बीएसएल प्रबंधन की होगी. फिलहाल प्रस्तावित आंदोलन को लेकर बोकारो स्टील प्लांट प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा.





