सरायकेला/ Pramod Singh रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. इसी क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी यस्मिता सिंह और थाना प्रभारी विनय कुमार ने संयुक्त रूप से सोमवार को जुलूस के निर्धारित रूट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी जुलूस निर्धारित रूट से ही निकाले जाएंगे. किसी भी स्थिति में रूट परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी, ताकि व्यवस्था बनी रहे और किसी तरह की अव्यवस्था उत्पन्न न हो.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि पर्व को लेकर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. साथ ही प्रशासन हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है.
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें. यदि कोई भ्रामक सूचना सामने आती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
प्रशासन का मुख्य उद्देश्य रामनवमी पर्व को सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है, जिसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.

