सरायकेला/ Pramod Singh थाना चौक स्थित बजरंगबली अखाड़ा कमेटी द्वारा रामनवमी के पावन अवसर पर श्रद्धा और भक्ति के साथ विशेष पूजा- अर्चना का आयोजन किया गया. इस दौरान पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल देखने को मिला और श्रद्धालुओं की अच्छी- खासी भीड़ उमड़ी.

पूजा कार्यक्रम में कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष छोटेलाल साहू, सदस्य नागू साहू सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय उपस्थिति रही. सभी ने विधिवत पूजा कर भगवान श्रीराम और बजरंगबली से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की.
इस अवसर पर अखाड़ा परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया था. भक्तों के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई. कार्यक्रम के दौरान जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा.
कमेटी के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी रामनवमी को पूरे उत्साह और परंपरा के साथ मनाया गया है. शनिवार को थाना चौक से अखाड़ा जुलूस निकाला जाएगा, जिसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

