सरायकेला/ Pramod Singh थाना चौक पर श्री श्री महावीर अखाड़ा द्वारा आयोजित रामनवमी जुलूस का भव्य शुभारंभ किया गया. शनिवार को आयोजित इस धार्मिक आयोजन में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.

उन्होंने पारंपरिक वीरता और संस्कृति का प्रदर्शन करते हुए तलवार भांजकर जुलूस की शुरुआत की, जिसके साथ ही पूरा क्षेत्र “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा. जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, अखाड़ा सदस्य, युवा और स्थानीय नागरिक शामिल हुए.

ढोल- नगाड़ों, झांकियों और भक्ति गीतों के साथ निकले इस जुलूस ने थाना चौक समेत पूरे इलाके को भक्तिमय माहौल में बदल दिया. जगह- जगह श्रद्धालुओं ने जुलूस का स्वागत किया और पुष्पवर्षा कर माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया.
अखाड़ा के युवाओं द्वारा पारंपरिक युद्धकला और करतब का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा. इस अवसर पर मनोज चौधरी ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा, त्याग और कर्तव्य का प्रतीक है, जिससे समाज को प्रेरणा लेनी चाहिए.
उन्होंने लोगों से अपील की कि रामनवमी जैसे पावन पर्व को शांति, अनुशासन और सौहार्द के साथ मनाएं. साथ ही नगर पंचायत की ओर से ऐसे आयोजनों में हर संभव सहयोग देने की बात भी कही.
कार्यक्रम में अखाड़ा कमेटी के छोटेलाल साहू, कुणाल साहू, भोला मोहंती, शंभू आचार्य, कृष्ण राणा, सौरभ साहू, मनीष दास, सूरज सिंह समेत कई पदाधिकारी, समाजसेवी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे. पूरे थाना चौक क्षेत्र में भक्ति, उत्साह और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे यह आयोजन यादगार बन गया.

