चाईबासा/ Jayant Pramanik सोनुआ में चैत्र नवरात्रि का समापन पारंपरिक उल्लास और भावनात्मक माहौल के बीच हुआ, जहां महिलाओं ने सिंदूर खेला के साथ मां दुर्गा को विदाई दी. रेलवे स्टेशन दुर्गा पूजा कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं ने एक- दूसरे को सिंदूर लगाकर न सिर्फ विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं, बल्कि आपसी स्नेह और एकजुटता का संदेश भी दिया.

धार्मिक मान्यता के अनुसार सिंदूर खेला केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि सौभाग्य, समृद्धि और पारिवारिक सुख- शांति की कामना का प्रतीक है. यही वजह रही कि पूरे आयोजन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और उत्साह देखने को मिली. पूजा समिति द्वारा आयोजित चैत्र दुर्गा पूजा के इस समापन समारोह में स्थानीय श्रद्धालुओं की अच्छी उपस्थिति रही, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया.
सोनुआ में यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का माध्यम भी साबित हुआ.

