राजनगर: सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को राजनगर थाना के समीप ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान वाहनों के दस्तावेजों की जांच के साथ हेलमेट, सीट बेल्ट और ड्रिंक एंड ड्राइव पर विशेष निगरानी रखी गई.


जांच के दौरान हाईवा संख्या JH 05 AW 9208 के चालक चेतन महतो को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया. ब्रेथ एनालाइजर जांच में पुष्टि होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालक पर दस हजार का जुर्माना लगाया और भविष्य में यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी.
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के विशेष जांच अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे. पुलिस ने सभी वाहन चालकों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल





