सरायकेला: आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए सरायकेला- खरसावां जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है. एसपी मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई की जा रही है.


इसी क्रम में राजनगर थाना प्रभारी सोनू कुमार के नेतृत्व में गोपालपुर जंगल क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित महुआ शराब निर्माण की भट्ठियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया. पुलिस ने मौके पर करीब 250 किलोग्राम जावा महुआ को नष्ट किया. इसके साथ ही अवैध शराब निर्माण की भट्ठी और शराब बनाने में प्रयुक्त अन्य सामग्रियों को भी नष्ट कर दिया गया.
थाना प्रभारी सोनू कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने और अवैध शराब के निर्माण व बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी और अभियान आगे भी जारी रहेगा.

