सरायकेला/ Rasbihari Mandal जिले के राजनगर प्रखंड के गोविंदपुर में बुधवार सुबह टहलने निकले एक व्यक्ति की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद व्यक्ति सड़क किनारे बेहोश पड़ा रहा. स्थानीय लोगों ने 108 एम्बुलेंस सेवा से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी.

ऐसे में ग्रामीणों ने पहल करते हुए निजी वाहन से घायल को पहले हेंसल प्रिया हेल्थ क्लिनिक पहुँचाया. क्लिनिक में उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज से मना कर दिया गया. इसके बाद उसे राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. इलाज के दौरान घायल ने दम तोड़ दिया.
मृतक की पहचान गोविंदपुर निवासी लखिन्द्र मार्डी के रूप में हुई है, जो प्रतिदिन की तरह आज भी मॉर्निंग वॉक पर निकले थे. इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा घटित हुआ. घटना की सूचना मिलने पर राजनगर पुलिस सक्रिय हुई और पूरे मामले की जांच में जुट गई है. इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और वे एम्बुलेंस सेवा की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं.

