सरायकेला: राजनगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात करीब एक बजे भीषण सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य मजदूरों को हल्की चोटें आई हैं. हादसा राजनगर थाना से करीब 500 मीटर दूर होंडा शोरूम के समीप हुआ.


जानकारी के अनुसार सड़क किनारे खड़े बांस लदे ट्रक से बांस उतारने के लिए मजदूर रस्सी खोल रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर संख्या JH10DJ 4827 ने पीछे से ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर की चपेट में ट्रक के पास मौजूद मजदूर भी आ गए.
हादसे में बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के भंडारसोल निवासी नीलकंठ जाना की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. कुछ अन्य मजदूरों को हल्की चोटें आईं. दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.
सूचना मिलते ही राजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया. रविवार सुबह मृतक के परिजनों के पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेजा गया.
घटना के बाद नीलकंठ के परिवार में मातम पसरा है. परिजनों ने ट्रेलर मालिक से उचित मुआवजे की मांग की है. वहीं पुलिस फरार चालक की तलाश के साथ दुर्घटना की जांच में जुटी है.

