
राजनगर: सरायकेला- खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुनाबेड़ा में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई.


मृतका की पहचान सरायकेला थाना क्षेत्र के बाँधडीह गांव निवासी 42 वर्षीय सुनीता महतो के रूप में हुई है. वहीं उनके पति परमेश्वर महतो गंभीर रूप से घायल हुए हैं. स्थानीय लोगों की तत्परता से उन्हें तत्काल कुनाबेड़ा स्थित जीवनदीप हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार दंपती अपने गांव से कुनाबेड़ा के शोभापुर गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने बाइक से जा रहे थे. इसी दौरान झारखंड होटल के समीप पीछे से तेज रफ्तार एलपीडी 709 मालवाहक वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.

![]()
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुनीता महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि परमेश्वर महतो गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को घटना की सूचना दी.
सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त एलपीडी 709 वाहन को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं बाँधडीह गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल






