सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने बिजली विभाग पर तीखा हमला बोला और चेतावनी दी कि अगर बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन का रुख अख्तियार किया जाएगा. रविवार को गुड़ियाडीह स्थित पावर हाउस पहुंचकर उन्होंने स्थिति का जायजा लिया.

मौके पर कनीय अभियंता, सहायक अभियंता और कार्यपालक अभियंता सभी नदारद मिले. मोबाइल पर संपर्क करने पर जेई और एई के फोन बंद मिले. कार्यपालक अभियंता और चाईबासा के अधीक्षण अभियंता से संपर्क कर उन्होंने समस्या से अवगत कराया.
मनोज चौधरी ने कहा कि जिउतिया जैसे बड़े पर्व के बावजूद बिजली आपूर्ति बाधित है. यदि एक घंटे के भीतर बिजली बहाल नहीं हुई तो सामूहिक तालाबंदी की जाएगी. उन्होंने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि भारी बारिश के बीच जनजीवन पहले ही अस्त- व्यस्त है और ऊपर से बिजली विभाग की मनमानी ने लोगों को परेशान कर दिया है. तकनीकी खराबी के नाम पर घंटों बिजली कटौती अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
उन्होंने कहा कि किसान, दुकानदार, छात्र और मरीज सभी प्रभावित हो रहे हैं. विभागीय अधिकारी शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं और जनता की आवाज को नजरअंदाज कर रहे हैं. हर महीने हजारों रुपए बिजली बिल वसूलने के बावजूद बिना सूचना के घंटों बिजली काटी जाती है, जो जनता के सब्र से बाहर है.
पूर्व उपाध्यक्ष ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस जनसमस्या पर चुप न रहें और विभाग को जवाबदेह बनाएं. उन्होंने कहा कि अगर विभाग जल्द ही बिजली की आपूर्ति बहाल नहीं करता है तो पावर हाउस में तालाबंदी कर दी जाएगी. उनके इस तेवर के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है. सूत्रों के मुताबिक विभागीय अधिकारी स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश में जुट गए हैं लेकिन अगर बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो बड़ा जनआंदोलन देखने को मिल सकता है.

