सरायकेला: रथ मेले की भीड़ में बाइक चोरी कर पुलिस को चुनौती देने वाले चोरों पर सरायकेला थाना पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में लगातार की जा रही कार्रवाई में पुलिस ने रथ मेले से चोरी हुई दो और बाइकों को बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक महतो और सूरज नाथ के रूप में हुई है. कार्रवाई के बाद बाइक चोरी के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों में भी हड़कंप मचा हुआ है.


पत्रकारों को जानकारी देते हुए सर्किल इंस्पेक्टर राजेश टुडू ने बताया कि सरायकेला थाना पुलिस की लगातार कार्रवाई का परिणाम है कि अब तक कुल आठ चोरी की बाइक बरामद की जा चुकी हैं. बाइक चोरी के मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. वहीं, गुरुवार को गिरफ्तार किए गए अभिषेक महतो और सूरज नाथ को भी न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है.
उन्होंने बताया कि पुलिस बाइक चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए लगातार छापेमारी कर रही है. सरायकेला थाना क्षेत्र से चोरी हुई बाइकों की बरामदगी और इस गिरोह में शामिल सभी आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही चोरी की अन्य बाइकों को भी बरामद कर लिया जाएगा.
बाइक चोरी के खिलाफ चल रही कार्रवाई को सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार की बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है. रथ मेले के दौरान हुई बाइक चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने मामले को चुनौती के रूप में लिया और लगातार संदिग्धों की तलाश, पूछताछ और छापेमारी के जरिए चोरी की बाइकों तक पहुंच बनाई.

पूरी कार्रवाई में सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार, अरुण कुमार महतो, विनोद टुडू सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे. पुलिस का कहना है कि बाइक चोरी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच और छापेमारी आगे भी जारी रहेगी.
प्रमोद सिंह (संपादक)

