जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ज्वैलरी दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी कर ली. घटना बागबेड़ा स्थित गोल्डन ज्वैलर्स की है, जहां चोर देर रात शटर का ताला तोड़कर दुकान के अंदर घुसे और करीब 5 से 6 लाख रुपये मूल्य के आभूषण लेकर फरार हो गए.


गुरुवार सुबह दुकान मालिक जब अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला. अंदर जाकर जांच करने पर सोने-चांदी के कई कीमती आभूषण गायब मिले. इसके बाद उन्होंने तत्काल बागबेड़ा पुलिस को सूचना दी.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. प्रारंभिक जांच में पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है. फुटेज के अनुसार चोरी की घटना रात करीब 3 बजे हुई.
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और उसमें दिखाई दे रहे संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास कर रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. घटना के बाद इलाके के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है. व्यवसायियों ने क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.

