सरायकेला: जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में मंगलवार को तिरूलडीह थाना क्षेत्र के शहीद चौक में सड़क सुरक्षा अभियान आयोजित किया गया.

अभियान के दौरान लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया. पुलिस टीम ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर बाइक चलाने, तेज रफ्तार से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की.
इस मौके पर तिरूलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार ने लोगों के बीच हेलमेट का वितरण भी किया. उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें हेलमेट नहीं पहनने के कारण होती हैं. इसलिए दोपहिया वाहन चलाने वाले सभी लोगों को हमेशा हेलमेट का उपयोग करना चाहिए.
थाना प्रभारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा सिर्फ पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है. लोगों को अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन करना चाहिए.



