रामगढ़: पुलिस को राहुल दुबे गैंग के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है. पतरातू अनुमंडल क्षेत्र में रंगदारी और लेवी की मांग को लेकर दहशत फैलाने वाले राहुल दुबे गिरोह के सात अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो पिस्टल, करीब 40 राउंड जिंदा गोली, दो अपाचे बाइक और छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.

रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि मार्च महीने में राहुल दुबे गैंग द्वारा अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री, ऑसम दूध फैक्ट्री और रेल निर्माण कार्य में लगी कंपनियों के साइट पर लेवी की मांग को लेकर लगातार फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दिया गया था. इन घटनाओं के बाद इंडस्ट्रियल एरिया में दहशत का माहौल बना हुआ था.
एसपी ने बताया कि गिरोह की गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पतरातू एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया था. लगातार तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सात अपराधियों को पकड़ने में सफलता हासिल की.
गिरफ्तार अपराधियों में एक नाबालिग भी शामिल है, जबकि छह आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस पूरे नेटवर्क और गैंग से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. रामगढ़ एसपी ने कहा कि जिले में रंगदारी, लेवी और अपराध फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.



