जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले की घाटशिला पुलिस ने ब्राउन शुगर की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से कुल 13.12 ग्राम ब्राउन शुगर, एक काले रंग की मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. रविवार को जमशेदपुर के ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी.


ग्रामीण एसपी ने बताया कि 29 अगस्त को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुसाबनी की ओर से दो युवक ब्राउन शुगर की बिक्री के लिए घाटशिला थाना क्षेत्र में आने वाले हैं. सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घाटशिला विकास कुमार लागुरी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.
पुलिस टीम ने घाटशिला थाना क्षेत्र के अमाईनगर पुलिया के पास छापेमारी कर दोनों युवकों को पकड़ा. विधिवत तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 13.12 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई. पुलिस ने एक काले रंग की मोटरसाइकिल और दो अलग- अलग कंपनियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुसाबनी के हरिजन बस्ती, तीन नंबर निवासी 19 वर्षीय जय महानंद तथा मुसाबनी नंबर-1, ताजमहल होटल के समीप रहने वाले 19 वर्षीय आकर्षित कुमार के रूप में हुई है. मामले में घाटशिला थाना कांड संख्या 51/2026 दर्ज कर NDPS Act की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है.
छापेमारी दल में एसडीपीओ विकास कुमार लागुरी, सहायक थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा, पुलिस अवर निरीक्षक रजनीश आनंद, प्रेम कुमार निषाद, सहायक अवर निरीक्षक आलोक कुमार सहित घाटशिला थाना के रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे.
पुलिस अब बरामद ब्राउन शुगर के स्रोत और इसके संभावित सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है. आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच से भी नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में सुराग मिलने की संभावना है.

