आदित्यपुर: आगामी स्वतंत्रता दिवस को लेकर सरायकेला पुलिस अलर्ट मोड पर है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बुधवार देर शाम आदित्यपुर थाना पुलिस ने सरायकेला जिले को जमशेदपुर से जोड़ने वाले खरकई पुल पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया.



जांच के दौरान पुलिस ने पुल से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर कागजातों की जांच की. संदिग्ध नजर आने वाले लोगों और वाहनों की विशेष रूप से तलाशी ली गई तथा वाहन चालकों से पूछताछ भी की गई.

थाना प्रभारी अंजनी सिंह ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है. शहर में प्रवेश करने और बाहर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है.
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो, इसके लिए लगातार वाहन जांच और गश्त अभियान चलाया जाएगा. पुलिस की नजर असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर भी रहेगी.





