सरायकेला- खरसावां: जिले में धान अधिप्राप्ति अंतर्गत संचालित गतिविधियों की प्रखंडवार समीक्षा बैठक गुरुवार को उपायुक्त नितीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी सहित सभी संबंधित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि धान अधिप्राप्ति कार्य के तहत लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 801 किसानों से कुल 45,235.81 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है, जबकि जिले में कुल पंजीकृत किसानों की संख्या 6,336 है. भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की गई और लंबित भुगतानों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए.
उपायुक्त ने किसान पंजीकरण में सुधारात्मक प्रगति लाने के लिए प्रखंड स्तर पर सतत निगरानी और नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया. साथ ही प्रखंड स्तर पर संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों में संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों की स्पष्ट जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए गए.
उपायुक्त ने विभागीय दिशा- निर्देशों के अनुरूप सभी धान अधिप्राप्ति केंद्रों यानी लैम्प्स पर निर्धारित लक्ष्य के अनुसार धान खरीद, समय पर उठाव और धान विक्रय के उपरांत किसानों को 48 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. इसके अलावा एडवांस सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) के जनरेशन और प्राप्ति की प्रक्रिया में तेजी लाने पर भी विशेष बल दिया गया.
समीक्षा बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि जिन लैम्प्स में धान अधिप्राप्ति कार्य की प्रगति धीमी या असंतोषजनक पाई गई है, उनके संबंधित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी को शोकॉज जारी किया गया है. अपेक्षित सुधार नहीं होने की स्थिति में वेतन निकासी पर रोक लगाने की कार्रवाई भी की जाएगी.
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि पारदर्शिता बनाए रखते हुए दस्तावेजों का समयबद्ध संधारण, डेटा का नियमित अद्यतन और सतत अनुश्रवण के माध्यम से धान अधिप्राप्ति कार्य का प्रभावी, समयबद्ध और लक्ष्य आधारित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि धान अधिप्राप्ति कार्य में किसानों के हित सर्वोपरि हैं और राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन अनिवार्य है.

