सरायकेला: आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत नीति आयोग द्वारा बुधवार को सरायकेला- खरसावां जिले के लिए नामित केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी विकास सिंह, निदेशक, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली ने सरायकेला एवं गम्हरिया प्रखंड क्षेत्र का भ्रमण किया. भ्रमण के दौरान उन्होंने विभिन्न पंचायतों और संस्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया.

निरीक्षण के क्रम में सरायकेला प्रखंड परिसर स्थित मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई, पठानमारा पंचायत के धोबाडीह ग्राम स्थित आंगनबाड़ी केंद्र, इटाकुदर पंचायत के बुंडू ग्राम स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सरायकेला प्रखंड के तीतीरबिला पंचायत स्थित राजकीय पशु प्रजनन प्रक्षेत्र तथा गम्हरिया प्रखंड के बिरबांस पंचायत भवन और उत्क्रमित मध्य विद्यालय बिरबांस का निरीक्षण किया गया.

निरीक्षण के दौरान मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई में पशुओं के उपचार और टीकाकरण की व्यवस्था, आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की शिक्षा और पोषण की स्थिति, आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, राजकीय पशु प्रजनन प्रक्षेत्र में पशुपालन सेवाओं की कार्यशीलता तथा पंचायत भवन और शैक्षणिक संस्थानों में आधारभूत संरचना, स्वच्छता, उपस्थिति और शैक्षणिक गतिविधियों की स्थिति का अवलोकन किया गया.

केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पशुपालन, स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा से जुड़ी सभी सरकारी सेवाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध और प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए. उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता, नियमित उपस्थिति और सेवा गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया. साथ ही मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयों के माध्यम से पशुओं के उपचार और टीकाकरण सेवाओं को और सुदृढ़ करने तथा शैक्षणिक संस्थानों में शैक्षणिक गतिविधियों के सुचारू संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.

आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित योजनाओं की नियमित निगरानी और आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कार्रवाई करने पर भी विशेष बल दिया गया. निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, उद्योग विभाग के रोहित कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

