सरायकेला: उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत की उपस्थिति में गुरुवार को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न हुई. बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात सुरक्षा सुदृढ़ीकरण तथा अधोसंरचना सुधार से संबंधित विषयों पर विस्तार से समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए.

बैठक के प्रारंभ में जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो ने सड़क सुरक्षा से जुड़ी अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत की. उन्होंने बताया कि सितंबर 2025 माह में जिले में कुल 13 सड़क दुर्घटनाएँ हुईं, जिनमें 12 लोगों की मौत हुई है. जिले में 18 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जिन पर सुधारात्मक कार्यवाही जारी है.
उपायुक्त ने पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए JRDCL अधिकारियों की बैठक में अनुपस्थिति और लापरवाही पर गहरा असंतोष जताया. उन्होंने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि JRDCL की लापरवाही और निर्देशों के अनुपालन न किए जाने की सूचना विभाग को औपचारिक रूप से दी जाए ताकि विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
उपायुक्त द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर दिए गए प्रमुख निर्देश
🔹 कांड्रा से खरकाई पुलिया, कोलाबीरा से दुगनी/ मुड़िया तथा नगर क्षेत्रों की स्ट्रीट लाइटों की तकनीकी जांच कर समयबद्ध मरम्मती सुनिश्चित की जाए.
🔹 कांड्रा से खरकाई पुलिया तक मुख्य मार्ग और सर्विस रोड की स्थिति सुधारने का कार्य तत्काल शुरू किया जाए.
🔹 चाईबासा से चौका मार्ग की मरम्मती शीघ्र प्रारंभ कर सड़क को आवागमन के लिए सुरक्षित बनाया जाए.
🔹 सरायकेला, चांडिल, आदित्यपुर और गम्हरिया नगर क्षेत्रों की सड़कों के गड्ढों की मरम्मती प्राथमिकता से पूरी की जाए.
🔹 एनएच-32 और एनएच-33 समेत प्रमुख सड़कों पर रिफ्लेक्टर, साइनेज बोर्ड, हाई मास्ट लाइट और सीसीटीवी लगाए जाएँ.
🔹 सभी थाना प्रभारी नियमित वाहन जांच अभियान चलाएँ और नशे में ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग तथा ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई करें.
🔹 अवैध पार्किंग की जांच कर आवश्यकतानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाए.
🔹 “हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं” अभियान को प्रभावी रूप से लागू रखा जाए और सभी पेट्रोल पंप संचालकों को पालन का निर्देश दिया जाए.
🔹 चांडिल गोलचक्कर पर जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए कार्ययोजना बनाकर तत्काल क्रियान्वयन शुरू किया जाए.
उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय और सतत निगरानी जरूरी है. उन्होंने एनएचएआई, पथ निर्माण विभाग और ग्रामीण विकास विभाग को अपने अधीन सड़कों की मरम्मती, प्रकाश व्यवस्था और ब्लैक स्पॉट सुधार कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए. उन्होंने यह भी कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है. नागरिकों से अपील की गई कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाएँ और यातायात नियमों का पालन करें.
बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त आदित्यपुर रवि प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला व चांडिल, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारी, कार्यपालक अभियंता और समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
