सरायकेला: शुक्रवार देर रात खनन विभाग की टीम ने चांडिल अनुमंडल के चांडिल और तिरुलडीह थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थलों पर औचक छापमेरी की. इस दौरान सम्बंधित थाना प्रभारी और स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद रहे. जांच के दौरान खनिज लदे वाहनों को रोककर उनके परिवहन संबंधी कागजात, चालान और मात्रा की विधिवत जांच की गई.

इसी क्रम में चांडिल थाना अंतर्गत घोड़ानेगी में एक हाइवा (संख्या JH05EB-1277) को अवैध रूप से बालू परिवहन करते पकड़ा गया. वाहन को जब्त कर थाना को सुपुर्द कर दिया गया है. साथ ही वाहन मालिक और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधि- सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है. जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने कहा कि उपायुक्त के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया. अवैध खनन या खनिज परिवहन की किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

