सरायकेला: शहर को ग्रामीण क्षेत्रों से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण माझना घाट पुलिया की मरम्मत का काम शुरू हो गया है. लंबे समय से पुलिया की सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी. अब मरम्मत शुरू होने से स्थानीय लोगों ने राहत की उम्मीद जताई है.


स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिया की स्थिति इतनी खराब हो गई थी कि छोटे चारपहिया वाहन गड्ढों में फंस जाते थे, जबकि दोपहिया वाहन चालकों के गिरकर घायल होने का खतरा बना रहता था. स्थानीय स्तर पर लंबे समय से इसकी मरम्मत की मांग उठ रही थी.
इस समस्या को लेकर भाजपा नेता सुमित कुमार चौधरी ने पिछले दिनों सरायकेला- खरसावां के उपायुक्त से मुलाकात कर पुलिया की स्थिति से अवगत कराया था. सुमित चौधरी के अनुसार उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को मरम्मत कराने का निर्देश दिया. इसके बाद विभाग की ओर से पुलिया की मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया.
सुमित चौधरी ने मरम्मत कार्य शुरू होने पर जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा, “यह जनता की जीत है. उपायुक्त ने जनसमस्या को समझते हुए त्वरित पहल की. इसके लिए उनका हृदय से आभार है.”
पुलिया की मरम्मत शुरू होने से आसपास के ग्रामीणों और इस मार्ग से नियमित आवागमन करने वाले लोगों में खुशी है. लोगों को उम्मीद है कि मरम्मत कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा होने के बाद इस मार्ग पर आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सकेगा.

