
सरायकेला: जिले में परिवहन सेवाओं को प्रखंड स्तर तक पहुंचाने की पहल के तहत गुरुवार को ईचागढ़ प्रखंड के गौरांगकोचा पंचायत भवन में लर्नर लाइसेंस शिविर आयोजित किया गया. शिविर में 63 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 27 ने परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर अगले चरण के लिए पात्रता हासिल की.


उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला परिवहन कार्यालय द्वारा आयोजित शिविर का संचालन मोटरयान निरीक्षक दिलीप कुमार के नेतृत्व में किया गया. शिविर में पातकुम, गौरांगकोचा, मैसाड़ा, चिमटिया, बांदू, गुडदड़ी और लेपाटांड़ पंचायतों के ऑनलाइन स्लॉट बुक करा चुके अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन की जांच और लर्नर लाइसेंस परीक्षा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपन्न कराई गई.
शिविर के लिए कुल 63 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था. इनमें 27 अभ्यर्थी सफल रहे, 19 अभ्यर्थी परीक्षा में असफल हुए, जबकि 17 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे.
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य परिवहन विभाग की सेवाओं को आम लोगों के घर के निकट उपलब्ध कराना है. इसी क्रम में जिले के सभी प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से लर्नर लाइसेंस शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को पारदर्शी, समयबद्ध और सुगम सेवाएं मिल सकें.
Edited By Sarita





