सरायकेला: कुचाई थाना प्रभारी रविन्द्र मुंडा के निर्देश पर गुरुवार को थाना क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच के साथ चालकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई.


पुलिस जवानों ने ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के आवश्यक कागजात, बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र की जांच की. इसके साथ ही दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों के सीट बेल्ट के इस्तेमाल पर भी विशेष नजर रखी गई.
बिना हेलमेट वाहन चलाने, बाइक पर तीन सवारी बैठाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को रोककर पुलिस ने नियमों की जानकारी दी. अभियान के दौरान संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की भी जांच की गई.
थाना प्रभारी रविन्द्र मुंडा ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के उद्देश्य से समय- समय पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाता है. उन्होंने वाहन चालकों से सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की.
पुलिस ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने के प्रति भी जागरूक किया. कुचाई पुलिस के अनुसार क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए आगे भी वाहन चेकिंग अभियान जारी रहेगा.

