सरायकेला: कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम सोमवार को सरायकेला जिला मुख्यालय पहुंचे. यहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इसके बाद आयुक्त ने करीब तीन घंटे तक विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक की. इस दौरान राजस्व संग्रहण, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), दुर्गा पूजा एवं दशहरा के दौरान विधि-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.


मीडिया से बातचीत में आयुक्त ने बताया कि राजस्व संग्रहण की समीक्षा में अधिकांश विभागों का प्रदर्शन संतोषजनक पाया गया. हालांकि, कुछ विभागों में त्रुटियां सामने आई हैं, जिन्हें दूर करने के लिए उपायुक्त और उप विकास आयुक्त को निर्देश दिए गए हैं.

एसआईआर में योग्य मतदाताओं का नाम जोड़ने पर जोर
आयुक्त ने बताया कि एसआईआर की समीक्षा के दौरान संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने और अपात्र मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाने के निर्देश दिए गए. फॉर्म-6 भरने में आ रही परेशानियों को दूर करने पर भी जोर दिया गया.
आदित्यपुर में जाम और पूजा की सुरक्षा पर विशेष नजर
दुर्गा पूजा एवं दशहरा को लेकर आयुक्त ने पुलिस अधीक्षक के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. विशेष रूप से आदित्यपुर में पूजा के दौरान लगने वाले यातायात जाम से निपटने के लिए प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. आयुक्त ने अधिकारियों को त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने पर विशेष ध्यान देने को कहा. इस मौके पर उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, एसपी मनोज स्वर्गीयारी, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, उप निर्वाचन अधिकारी पारुल सिंह, अपार उपायुक्त जयवर्धन कुमार सहित सभी विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे.

