सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र अंतर्गत टिडिंगटीपा गांव के समीप खरकई नदी घाट के पास मंगलवार सुबह नदी के पानी में एक शव तैरता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान हल्दीबनी गांव निवासी 42 वर्षीय बूटन महतो के रूप में की गई है. शव देखे जाने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल सरायकेला थाना पुलिस को दी.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते गुरुवार को बूटन महतो की चाची का निधन हो गया था. चाची के अंतिम संस्कार के लिए वह अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ टिडिंगटीपा स्थित खड़कई नदी घाट गया था.
बताया गया कि अंतिम संस्कार के दौरान शौच जाने की बात कहकर बूटन महतो वहां से चला गया, जिसके बाद से वह लापता था. परिजनों द्वारा लगातार पांच दिनों तक उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया.
मंगलवार सुबह जब कुछ ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे तो उन्होंने पानी में शव को तैरता देखा. इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.

