
सरायकेला-खरसावां: जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत रहमत नगर वार्ड संख्या-15 में एक ही रात दो घरों में चोरी की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई. अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया. वहीं, पास के एक अन्य मकान से भी किराये के लिए रखी गई नकदी चोरी होने की सूचना है.


पीड़ित मोहम्मद अफ़ज़ल ने बताया कि उनका नया मकान पास में ही निर्माणाधीन है. इसी कारण उन्होंने अपने घर का सामान एक किराये के मकान में रखा था. गुरुवार रात पूरा परिवार निर्माणाधीन मकान में सो रहा था. शुक्रवार सुबह जब वे किराये के मकान पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला. घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था. अलमारी खुली हुई थी और बक्सों के ताले भी टूटे हुए थे.
पीड़ित के अनुसार, चोर सोने की बाली, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल समेत करीब 40 से 45 हजार रुपये मूल्य के जेवरात तथा 32 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए.
इसी रात पास के एक अन्य मकान से भी किराये के लिए रखी गई नकदी चोरी होने की जानकारी सामने आई है. लगातार दो घरों में चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है.
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा अज्ञात चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है.
पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





