
सरायकेला: अपराधियों को यह संदेश देने के लिए कि कानून के हाथ लंबे होते हैं. कपाली ओपी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर जानलेवा फायरिंग मामले का खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहम्मद जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन को गिरफ्तार कर लिया है. उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देसी पिस्टल भी बरामद की गई है. शुक्रवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.


पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने बताया कि गुरुवार को कपाली ओपी क्षेत्र में आरोपी गोल्डन ने शेख नूर मोहम्मद उर्फ बाबू भाई उर्फ काना पर जान मारने की नीयत से पिस्टल से फायरिंग की थी. गोली काना बाबू के पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गए. सूचना मिलते ही कपाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा. घटनास्थल से पुलिस ने एक जिंदा कारतूस और एक खोखा भी बरामद किया था.
घटना के बाद आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था और गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था. पुलिस उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए थी. इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि आरोपी देर रात अपने घर कपड़े लेने आने वाला है. सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसके घर के बाहर घेराबंदी कर जाल बिछा दिया.
देर रात जैसे ही आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर अपने घर पहुंचा. पहले से घात लगाए बैठी पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया. पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पूर्व में छह मामलों में जेल जा चुका है. पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क तथा इस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है.
इस पूरी कार्रवाई में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार की रणनीति और पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई निर्णायक साबित हुई. उनकी अगुवाई में लगातार छापेमारी कर महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया गया.
छापेमारी दल में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, सब इंस्पेक्टर रंजीत कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर हीरालाल मुंडू तथा टाइगर जवान विपुल कुमार तिवारी शामिल थे.
एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने कहा. आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देसी पिस्टल भी बरामद की गई है. जिले में कानून- व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस आगे भी ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी.
प्रमोद सिंह (संपादक)





