
पोटका: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड में ब्रेन मलेरिया का प्रकोप लगातार भयावह होता जा रहा है. शुक्रवार को इलाज के दौरान एक और चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई. इसके साथ ही ब्रेन मलेरिया से जान गंवाने वाले बच्चों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है. लगातार हो रही मौतों से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है.


मृतक की पहचान पोटका पंचायत के खड़ियासाई गांव निवासी लालमोहन सरदार के चार वर्षीय पुत्र शिव सरदार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार तेज बुखार आने पर पहले उसका स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया. हालत बिगड़ने पर उसे जमशेदपुर के सदर अस्पताल रेफर किया गया. जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
लगातार सामने आ रही मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोटका के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रजनी महाकुड़ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. उनके स्थान पर डॉ. सुकांत सीट को नया प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी नियुक्त किया गया है.
स्वास्थ्य विभाग की प्रारंभिक जांच में मलेरिया नियंत्रण. निगरानी और रोकथाम कार्यों में लापरवाही के संकेत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है. जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
इधर स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित गांवों में मलेरिया नियंत्रण अभियान तेज करने. स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने. घर-घर सर्वे कराने तथा दवा और जांच की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही लोगों से बुखार के लक्षण दिखने पर तत्काल सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की गई है.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल





