सरायकेला: जिले के महत्वपूर्ण चौका- कांड्रा मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर जनआक्रोश बढ़ता जा रहा है. आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव और ईचागढ़ के पूर्व विधायक प्रत्याशी हरे लाल महतो ने सड़क की बदहाल स्थिति पर सरकार और सड़क निर्माण एजेंसी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू नहीं हुआ तो आम जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा.

सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में हरे लाल महतो ने कहा कि चौका- कांड्रा मार्ग केवल ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि सरायकेला- खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम जिले के हजारों लोगों के लिए राजधानी रांची पहुंचने का प्रमुख संपर्क मार्ग है. इसके बावजूद सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि लोगों को रोजाना जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है.
उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क पर जगह- जगह बड़े गड्ढे बन चुके हैं, खासकर चौका क्षेत्र के आसपास स्थिति बेहद भयावह हो गई है. भारी वाहनों के लगातार परिचालन के कारण सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है और आए दिन वाहन गड्ढों में फंस रहे हैं. इससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है. हरे लाल महतो ने टोल वसूली को लेकर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि जब यह टोल रोड है तो इसकी देखरेख करने वाली एजेंसी आखिर क्या कर रही है. लोगों से नियमित रूप से टोल टैक्स वसूला जा रहा है, लेकिन सड़क की मरम्मत के नाम पर कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है.
उन्होंने कहा कि सड़क किनारे रहने वाले दुकानदार और ग्रामीण पिछले एक साल से धूल और कीचड़ के बीच नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं. गर्मी में उड़ती धूल और बारिश में जमा कीचड़ ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है.
हरे लाल महतो ने प्रशासन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कोल्हान आयुक्त कार्यालय से लेकर जिला मुख्यालय तक के अधिकारी अक्सर इसी मार्ग से रांची आते- जाते हैं, इसके बावजूद सड़क की दुर्दशा पर प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है. अंत में उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर अनिश्चितकालीन सड़क जाम आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और संबंधित विभाग की होगी.



