कांड्रा/ Bipin Varshney बुधवार शाम करीब 6 बजे कांड्रा स्थित केपीएस स्कूल के पास मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पार कर रहे दो लोगों को तेज रफ्तार स्कूटी (संख्या JH05 DT 8406) में सवार दो लोगों ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार सहित चारों लोग सड़क पर गिर पड़े.

स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को सड़क से उठाया और प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा. वहीं, हादसे के बाद स्कूटी सवार दोनों युवक मौके से फरार हो गए.
घायलों में दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. उन्हें एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर किया गया. जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति का हाथ टूट गया है और उसके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें हैं. वहीं, दूसरे को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पहचान कांड्रा निवासी विजय महंती के रूप में हुई है, जबकि घायल राकेश सिंह, टायो कॉलोनी का रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस ने कहा कि फरार स्कूटी सवार युवकों की तलाश जारी है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है.

