सरायकेला: समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों को प्रशासन के समक्ष रखा. उपायुक्त ने सभी आवेदकों से क्रमवार मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना.


जनता दरबार में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें और आवेदन प्राप्त हुए. उपायुक्त ने कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया, जबकि अन्य मामलों के त्वरित एवं नियमानुसार समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
जनता दरबार में चिन्हित झारखंड आंदोलनकारियों के आश्रितों को सम्मान राशि प्रदान करने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से संबंधित समस्याओं, मानिकुई-कटिया सड़क मरम्मत कार्य के दौरान नियमित पानी छिड़काव सुनिश्चित करने, तमोलिया पंचायत में आदिवासी समुदाय के धार्मिक स्थल जाहेरस्थान की घेराबंदी कराने तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय आगासिया में मध्यान्ह भोजन मद की राशि में कथित अनियमितता की जांच कराने सहित कई आवेदन प्राप्त हुए. इसके अलावा भूमि विवाद, राशन कार्ड, पेंशन एवं अन्य जनहित से जुड़े मामलों को भी प्रशासन के समक्ष रखा गया.
उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है.
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान और अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने अधिकारियों को जनशिकायतों के प्रति संवेदनशील रहते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



