सरायकेला: जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है. उपायुक्त के निर्देश पर खनन विभाग ने सोमवार देर रात और मंगलवार तड़के सुबह विशेष जांच अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है.

जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथी, खान निरीक्षक समीर ओझा और चौका थाना प्रभारी के संयुक्त नेतृत्व में जमशेदपुर-रांची राष्ट्रीय उच्च पथ NH-33 पर औचक वाहन जांच अभियान चलाया गया. जांच के दौरान लौह अयस्क लदे दो वाहन क्रमांक JH05DL1151 और NL01AF5867 वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके.
इसके बाद दोनों वाहनों को विधिसम्मत कार्रवाई के लिए चौका थाना में जब्त कर रखा गया है. खनन विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है.
वहीं तड़के सुबह ईचागढ़ थाना क्षेत्र के स्वर्णरेखा नदी तट स्थित सोड़ो जारगोडीह बालू घाट में भी अवैध बालू खनन और भंडारण के खिलाफ औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया. निरीक्षण के दौरान विभिन्न जीआर स्थलों पर अवैध रूप से भंडारित करीब 22,500 घनफीट बालू जब्त किया गया.
प्रशासन ने जब्त बालू को सुरक्षार्थ सुपुर्द कर दिया है और जल्द ही उसकी ई-नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. प्रशासन द्वारा आगे भी लगातार सघन जांच और कार्रवाई जारी रहेगी.



