चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत फॉरेस्ट इलाके के बाबन बीघा में मंगलवार सुबह एक अज्ञात युवक का जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव बुरी तरह से जला हुआ होने के कारण मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है.

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने जंगलनुमा इलाके में शव पड़े होने की जानकारी कपाली ओपी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव का अधिकांश हिस्सा जला हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद पहचान छुपाने के उद्देश्य से शव को जलाया गया हो.
हालांकि पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना से जुड़ा कोई सुराग मिल सके.
पुलिस मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक



