चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है. पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के स्पष्ट निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन कार्रवाई की जा रही है.

इसी क्रम में चौका थाना पुलिस द्वारा लगातार अवैध शराब भट्ठियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. शनिवार को चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार के नेतृत्व में थानांतर्गत मतकमडीह पंचायत क्षेत्र के ग्राम बांसडुंगरी में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान जंगल और सुनसान इलाकों में छुपाकर रखे गए अवैध जावा महुआ को चिन्हित किया गया.
पुलिस टीम ने मौके पर करीब 50 किलोग्राम अवैध जावा महुआ को जब्त कर विधिवत रूप से नष्ट किया. हालांकि छापेमारी के दौरान अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोग पुलिस की भनक लगते ही फरार हो गए.
चौका थाना पुलिस द्वारा पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया गया और संभावित ठिकानों की भी जांच की गई.
पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. थाना प्रभारी ने आम लोगों से भी अपील की है कि अवैध शराब निर्माण या बिक्री की सूचना तत्काल पुलिस को दें. जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और सामाजिक बुराइयों पर रोक लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे.

