सरायकेला: थाना परिसर में मंगलवार को भावुक माहौल के बीच पुलिस विभाग के हवलदार राकेश कुमार को सेवानिवृत्ति के अवसर पर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई. करीब 39 वर्षों तक पुलिस सेवा में रहने के बाद उनके सेवानिवृत्त होने पर थाना परिवार ने उन्हें सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.


विदाई समारोह में थाना प्रभारी विनय कुमार समेत पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने राकेश कुमार के लंबे सेवाकाल को याद किया. इस दौरान उन्हें पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया. साथियों ने कहा कि उन्होंने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया.
जानकारी के अनुसार राकेश कुमार ने लगभग 39 वर्षों तक पुलिस विभाग में सेवा दी, जिनमें करीब 25 वर्ष उन्होंने सरायकेला- खरसावां जिले में बिताए. कानून- व्यवस्था बनाए रखने और विभागीय दायित्वों को निभाने में उनकी भूमिका को सभी ने सराहा.
समारोह के दौरान कई पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बिताए अनुभव साझा किए. वक्ताओं ने कहा कि राकेश कुमार हमेशा एक वरिष्ठ साथी, मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत के रूप में विभाग से जुड़े रहे. उनका सहयोगी स्वभाव और कार्य के प्रति समर्पण युवा पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि राकेश कुमार ने अपने पूरे सेवाकाल में विभाग की गरिमा को बनाए रखा. उनकी सेवाएं हमेशा याद की जाएंगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए उदाहरण बनी रहेंगी.
अपने संबोधन में राकेश कुमार ने पुलिस विभाग, वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों और आम जनता के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग उनके लिए केवल नौकरी नहीं बल्कि एक परिवार रहा है. सेवा के दौरान मिले सहयोग और सम्मान को वह जीवनभर नहीं भूलेंगे.
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित पुलिसकर्मियों ने उनके स्वस्थ, सुखद और सम्मानजनक सेवानिवृत्त जीवन की कामना की. विदाई के इस अवसर पर कई साथी भावुक नजर आए और नम आंखों से उन्हें विदा किया गया.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



