हजारीबाग: जिले में झपटमारी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. ताजा मामला कटकमदाग थाना क्षेत्र के शंकरपुर चौक का है, जहां दिनदहाड़े बस का इंतजार कर रही एक छात्रा से स्कूटी सवार दो बदमाश मोबाइल झपटकर फरार हो गए. पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.


जानकारी के अनुसार खपिया गांव निवासी बबिता कुमारी सेमेस्टर-4 की इंटरनल परीक्षा देकर घर लौट रही थीं. परीक्षा समाप्त होने के बाद वह शंकरपुर चौक के पास वाहन का इंतजार कर रही थीं. इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उनके हाथ से मोबाइल छीनकर तेज रफ्तार में फरार हो गए.
घटना इतनी तेजी से हुई कि छात्रा संभल भी नहीं सकी और बदमाश मौके से निकल गए. आसपास मौजूद लोगों ने उनकी तलाश की कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली.
पीड़िता ने बताया कि झपटा गया मोबाइल रियलमी नारजो मॉडल का था. घटना के बाद छात्रा ने कटकमदाग थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है और मोबाइल बरामद करने की मांग की है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में झपटमारी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. इससे छात्राओं, महिलाओं और आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है. लोगों ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है. अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस आरोपियों तक कितनी जल्दी पहुंच पाती है.



