सरायकेला: जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में झारखंड ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की जानकारी सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनुभव भारद्वाज ने दी.

उन्होंने बताया कि कांड्रा थाना कांड संख्या-09/2026, दिनांक 24 मई 2026, धारा 308(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था. 22 मई 2026 को झारखंड ग्रामीण बैंक की कांड्रा शाखा के मैनेजर को मोबाइल नंबर 7549316946 से कॉल कर 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी गई थी. कॉल करने वाले ने खुद को “रवि लोहार” बताते हुए कहा था कि वह सरायकेला जेल में बंद है तथा जमानत और वकील के खर्च के लिए रुपये की आवश्यकता है.
घटना के बाद बैंक प्रबंधक द्वारा कांड्रा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया.
गठित टीम ने मानवीय एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर रविवार सुबह जमशेदपुर के मानगो बस स्टैंड के पास छापेमारी कर आरोपी बंटी गुहा को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 38 वर्ष है. वह परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी का निवासी है तथा वर्तमान में पश्चिम कोलकाता के भवानीपुर थाना क्षेत्र स्थित सियालदा पार्क स्ट्रीट इलाके में रहकर USS नामक कंपनी में कार्यरत था.
पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है. पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है.
एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ टेल्को, सिदगोड़ा, सीतारामडेरा और कदमा थाना क्षेत्रों में रंगदारी, लूट एवं आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं.
छापेमारी दल में कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू, पुलिस अवर निरीक्षक रामदयाल उरांव, कमलेश कुमार सिंह, गम्हरिया थाना के रामाशीष शुक्ला समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.



