सरायकेला: SIR-2026 के तहत मतदाता सूची से संबंधित कार्यों की जमीनी स्थिति जानने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने बुधवार को 50-ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कुकड़ू प्रखंड का निरीक्षण किया. उन्होंने प्रखंड सह अंचल कार्यालय कुकड़ू और पंचायत सचिवालय बेरासीसिरूम में संचालित फॉर्म-6 एवं नोटिस डिजिटाइजेशन कैम्प की प्रगति की समीक्षा की.


उपायुक्त ने टेबलवार कार्यों की जांच करते हुए फॉर्म-6 के साथ प्राप्त दस्तावेजों के डिजिटाइजेशन और सत्यापन की जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिया कि BLO घर-घर पहुंचकर पात्र नागरिकों के आवश्यक दस्तावेज BLO App के माध्यम से संकलित करें और कैम्प में उनका निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सत्यापन सुनिश्चित किया जाए.

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहे. फॉर्म-6 और नोटिस से संबंधित लंबित कार्यों के साथ हेल्पडेस्क पर प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का भी समयबद्ध निष्पादन किया जाए.
घर पहुंचकर DC ने जांचा Home to Roll सत्यापन
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त स्वयं मतदाताओं के घर पहुंचे और Home to Roll सत्यापन की स्थिति देखी. उन्होंने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं और उनके नाम एक ही संबंधित मतदान केंद्र की सूची में हैं अथवा अलग-अलग बूथों पर दर्ज हैं, इसकी जानकारी ली.

जहां मतदाता विवरण में सुधार अथवा स्थानांतरण की आवश्यकता हो, वहां फॉर्म-8 की प्रक्रिया की जानकारी देने और नियमानुसार सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश BLO एवं संबंधित अधिकारियों को दिया गया.
दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं के घर पहुंचेंगे BLO
SIR के तहत 12 से 16 अक्टूबर के बीच दिव्यांग और 70 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं के घर BLO पहुंचेंगे. उनके आवश्यक दस्तावेज BLO App के माध्यम से प्राप्त कर सत्यापन किया जाएगा. इसका उद्देश्य ऐसे मतदाताओं को दस्तावेजी प्रक्रिया के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालय या कैम्प तक आने की परेशानी से बचाना है.
इसी अवधि में वृद्धाश्रम में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों, अनाथ एवं निराश्रित व्यक्तियों तथा सेक्स वर्कर्स के लिए संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों द्वारा विशेष कैम्प लगाए जाएंगे.
दिव्यांग मतदाता दामिनी देवी के घर पहुंचे उपायुक्त
तिरुलडीह पंचायत के गुड़लीडीह गांव में उपायुक्त दिव्यांग मतदाता दामिनी देवी के घर पहुंचे और SIR के तहत हुए सत्यापन की जानकारी ली. बातचीत के दौरान उनकी आवश्यकताओं की जानकारी मिलने पर उपायुक्त ने कुकड़ू बीडीओ को दिव्यांगता एवं आवश्यकता के अनुरूप बैसाखी अथवा ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया. साथ ही पात्रता के अनुसार अन्य सरकारी योजनाओं से जोड़ने को कहा.
स्कूलों में युवाओं को समझाई फॉर्म-6, 7 और 8 की प्रक्रिया
झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय कुकड़ू और राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय तिरुलडीह में Electoral Literacy Club के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. विद्यार्थियों को मतदान का महत्व, मतदाता के अधिकार एवं दायित्व और फॉर्म-6, फॉर्म-7 तथा फॉर्म-8 की प्रक्रिया समझाई गई.

18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवाओं को फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया. प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की गईं और बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उपायुक्त ने सम्मानित किया.
10 अक्टूबर को हर मतदान केंद्र पर मेगा हेल्पडेस्क
उपायुक्त ने बताया कि 10 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्पडेस्क कैम्प लगाया जाएगा. यहां मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और लंबित प्रक्रियाओं के निष्पादन पर जोर रहेगा.
निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, कुकड़ू बीडीओ राजश्री बाखला, अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी सहित संबंधित पदाधिकारी, BLO और सुपरवाइजर मौजूद रहे.

