जमशेदपुर: शहर में अपराध नियंत्रण के साथ नशाखोरी और सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी के खिलाफ सीतारामडेरा पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है. थाना क्षेत्र के संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों पर पुलिस की अलग-अलग टीमें दिन-रात गश्त कर संदिग्ध लोगों और गतिविधियों की जांच कर रही हैं.


सीतारामडेरा थाना प्रभारी फैज अहमद ने बताया कि क्षेत्र में शांति एवं कानून- व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है. इसी के तहत ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जहां नशाखोरी, नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री, अड्डेबाजी अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें सामने आती हैं.
घटना के बाद नहीं, पहले रोकने पर पुलिस का जोर
थाना प्रभारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य आपराधिक घटना होने के बाद कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि संदिग्ध गतिविधियों की समय रहते पहचान कर अपराध को रोकना भी है. इसके लिए नियमित गश्त के साथ आवश्यकता के अनुसार संदिग्ध स्थानों और व्यक्तियों की जांच की जा रही है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार अथवा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
पुलिस ने आम लोगों से मांगा सहयोग
फैज अहमद ने आम लोगों से भी अपराध नियंत्रण में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि आसपास नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री, आपराधिक गतिविधि अथवा किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें. सूचना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
सीतारामडेरा पुलिस का कहना है कि पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है. इसी उद्देश्य से क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के साथ लगातार गश्त एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है.

