
सरायकेला: झारखंड सरकार के निर्देश तथा उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के आदेश के आलोक में शनिवार को समाहरणालय परिसर, सरायकेला- खरसावां से डिजिटल बिरसा कृषि जागरूकता रथ अभियान का शुभारंभ किया गया. इस अवसर पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, जिला कृषि पदाधिकारी रोशन नीलकमल, जिला पशुपालन पदाधिकारी एवं जिला गव्य विकास पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर जिले के दोनों अनुमंडलों के लिए एक- एक कुल दो डिजिटल जागरूकता रथों को रवाना किया.


यह अभियान किसानों तक कृषि एवं कृषि से संबद्ध विभागों की योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है. दोनों डिजिटल रथ अगले 15 दिनों तक जिले के दोनों अनुमंडलों की सभी ग्राम पंचायतों का भ्रमण करेंगे और किसानों को आधुनिक खेती, नई तकनीकों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे.
अभियान के दौरान प्रत्येक पंचायत में किसान संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा. इनमें किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती, उन्नत बीजों के उपयोग, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, कृषि यंत्रीकरण, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण, पशुपालन, डेयरी विकास तथा सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी.
इसके साथ ही किसानों को विभागीय योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, तकनीकी मार्गदर्शन और उपलब्ध सुविधाओं से भी अवगत कराया जाएगा, ताकि वे योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर कृषि उत्पादकता बढ़ा सकें और अपनी आय में वृद्धि कर आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में आगे बढ़ सकें.
जिला प्रशासन ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि जब डिजिटल बिरसा कृषि जागरूकता रथ उनके पंचायत क्षेत्र में पहुंचे तो वे किसान संगोष्ठियों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें, कृषि विशेषज्ञों और विभागीय अधिकारियों से जानकारी प्राप्त करें तथा सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी खेती को और अधिक आधुनिक एवं लाभकारी बनाएं.
प्रमोद सिंह
संपादक






