सरायकेला/ Pramod Singh समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो, सभी एमओ, गोदाम प्रबंधक, राईस मिलर और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे. बैठक में खाद्यान्न आपूर्ति, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, दाल-भात योजना, डाकिया योजना, धान अधिप्राप्ति व भुगतान, चावल दिवस, सोना सोबरन धोती-साड़ी योजना, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड और ई-केवाईसी समेत सभी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई.

उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी कार्डधारकों को समय पर और पूरी मात्रा में राशन उपलब्ध हो. जिन डीलरों का वितरण प्रतिशत कम है उनके स्टॉक की जांच कर नियम के अनुसार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि वितरण में अनियमितता की शिकायतों की स्थलीय जांच कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. पैक्स केंद्रों पर पारदर्शिता बनी रहे और किसानों को धान का भुगतान समय पर हो. पिछले 4-5 माह से राशन नहीं उठाने वाले कार्डधारियों का ग्रामसभा के माध्यम से सत्यापन कर नाम विलोपित किया जाए. सभी योग्य लाभुकों का आयुष्मान भारत कार्ड जल्द बने और इसके लिए सहिया, VLE व डीलर की संयुक्त टीम गठित कर ई-केवाईसी कार्य पूर्ण किया जाए.

