सरायकेला: लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सोमवार को आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं जैसे सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरा निगरानी, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और पेयजल की सुविधा का विस्तृत जायजा लिया. उपायुक्त ने भीड़-भाड़ वाले घाटों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि पूजा-अर्चना का संपूर्ण आयोजन सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न होना चाहिए.

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित थे.
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने घाटों पर उपस्थित श्रद्धालुओं से संवाद किया और जिला प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों में सहयोग प्रदान करने की अपील की. उन्होंने जिलेवासियों को लोक आस्था के महापर्व छठ की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और कहा कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित, स्वच्छ और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाएँ.

उन्होंने यह भी अपील की कि श्रद्धालु गहरे पानी में जाने से परहेज़ करें, घाटों पर आतिशबाज़ी न करें, तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. उन्होंने कहा कि प्रशासन की व्यवस्था तभी सफल होगी जब जनसहयोग मिलेगा. अतः सभी नागरिक शांति, स्वच्छता और सौहार्द बनाए रखने में सक्रिय योगदान दें.

