सरायकेला: गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयुष्मान भारत योजना, अबुआ स्वास्थ्य कार्ड निर्माण तथा जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में सभी प्रखंडों एवं स्वास्थ्य संस्थानों से अद्यतन प्रतिवेदन प्रस्तुत किए गए.

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कहा कि जिन लाभुकों के राशन कार्ड में नाम अथवा पता सुधार के कारण आयुष्मान कार्ड नहीं बन पाया है, उनके e-KYC की प्रक्रिया तत्काल पूर्ण कर कार्ड निर्माण सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने निर्देश दिया कि कार्ड से वंचित पात्र लाभुकों के शत- प्रतिशत नामांकन के लिए प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर स्थानीय भाषा में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए.
आयुष्मान एवं अबुआ स्वास्थ्य कार्ड निर्माण की प्रगति पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को समस्त पात्र लाभुकों का शत- प्रतिशत नामांकन एवं कार्ड निर्माण को प्राथमिकता देते हुए कार्य पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि छूटे हुए लाभुकों को चिह्नित कर एक स्पष्ट एवं प्रभावी कार्ययोजना के तहत उन्हें योजना से जोड़ा जाए.
प्रखंडवार आयुष्मान कार्ड क्लेम स्टेटस की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी लंबित दावों के क्लेम जेनरेशन एवं निपटारे को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया. साथ ही योजना के लाभ से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए जन-जागरूकता गतिविधियों को और तेज करने पर जोर दिया.
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सेवाओं एवं निःशुल्क जांच की जानकारी डिजिटल बोर्ड एवं सूचना पट्ट पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए. उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की अवैध वसूली अथवा लापरवाही की सूचना मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जिले में शत-प्रतिशत पात्र लाभुकों को आयुष्मान योजना से जोड़ना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. सरजू प्रसाद सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जुझार मांझी, डीआरसीएचओ, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, एमओआईसी, DPM NRHM सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
