आदित्यपुर: आसंगी की प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ी प्राची प्रधान का बीसीसीआई अंडर-19 स्टेट चैंपियनशिप टी20 के लिए झारखंड की टीम में चयन हुआ है. प्राची की इस उपलब्धि से परिवार के साथ आसंगी, आदित्यपुर और जिले के खेलप्रेमियों में खुशी का माहौल है.


प्राची प्रधान उमा शंकर प्रधान की पुत्री हैं. कम उम्र में अपनी मेहनत और खेल प्रतिभा के दम पर झारखंड की अंडर-19 टीम में जगह बनाकर उन्होंने क्षेत्र का मान बढ़ाया है. अब प्राची झारखंड की ओर से बीसीसीआई अंडर-19 टी20 चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा दिखाएंगी.
प्राची के चयन पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने प्राची के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर खेल प्रदर्शन की कामना की.
वहीं प्राची के चयन की खबर मिलने के बाद स्थानीय खेलप्रेमियों और आसंगी के लोगों में उत्साह है. लोगों ने उम्मीद जताई कि प्राची आगामी मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन कर झारखंड और सरायकेला-खरसावां जिले का नाम रोशन करेंगी. स्थानीय खेलप्रेमियों ने उनके सफल क्रिकेट करियर के लिए शुभकामनाएं दी हैं.

