आदित्यपुर: आदित्यपुर-2 के जाने- माने समाजसेवी एवं रेलवे शिव मंदिर के संरक्षक श्रीनिवास यादव का निधन हो गया. वे 62 वर्ष के थे और पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे. उनके निधन की खबर मिलते ही परिजनों, शुभचिंतकों और मंदिर से जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गई.


आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने श्रीनिवास यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि आदित्यपुर ने एक समर्पित समाजसेवी को खो दिया है. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की.
रेलवे शिव मंदिर से रहा गहरा जुड़ाव
श्रीनिवास यादव धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहे. रेलवे शिव मंदिर के निर्माण और मंदिर के माध्यम से सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही.
वे धार्मिक आयोजनों के साथ जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक कार्यों में लगातार सक्रिय रहते थे. अपने सहज व्यवहार और लोगों से आत्मीय संबंधों के कारण क्षेत्र में उनकी अलग पहचान थी.
उनके निधन पर एसएन यादव, अश्वनी कुमार सिंह, कुमार बिपिन बिहारी प्रसाद, शिक्षाविद सत्य प्रकाश सुधांशु, शिवचंद्र राय, अधिवक्ता संजय कुमार और मिथिलेश कुमार झा सहित कई लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी.

