साहिबगंज: झारखंड के साहिबगंज जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजमहल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने दो कथित तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 13.7 ग्राम एमडीएमए (ड्रग्स) बरामद किया है.


पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध खरीद- बिक्री की जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की. छापेमारी के दौरान दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया और उनके पास से एमडीएमए बरामद किया गया.
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया है तथा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ड्रग्स की खेप कहां से लाई गई थी और इसके नेटवर्क में अन्य कौन- कौन लोग शामिल हैं.
राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) विमलेश त्रिपाठी ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के जाल से बचाने और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है. पुलिस का कहना है कि ड्रग्स तस्करी से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.



