रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को अपनी दिवंगत मां रूपी सोरेन की अस्थियां लेकर रामगढ़ जिले के रजरप्पा पहुंचे. यहां दामोदर और भैरवी नदी के संगम स्थल पर धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार अस्थि विसर्जन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.



मुख्यमंत्री अपने पैतृक गांव नेमरा से परिवार के सदस्यों के साथ अस्थियां लेकर रजरप्पा पहुंचे. मुख्यमंत्री के आगमन और अस्थि विसर्जन कार्यक्रम को देखते हुए संगम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. पुलिस बल की भी तैनाती की गई है.
रजरप्पा का दामोदर-भैरवी संगम सोरेन परिवार के लिए भावनात्मक रूप से महत्वपूर्ण रहा है. इससे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पिता और झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन की अस्थियों का विसर्जन भी इसी संगम स्थल पर किया था.
रूपी सोरेन के निधन के बाद अंतिम संस्कार और श्राद्ध से जुड़ी धार्मिक परंपराओं के क्रम में अब परिवार की ओर से अस्थि विसर्जन की रस्म पूरी की जा रही है.

