साहिबगंज: न्याय मंच के बैनर तले निकाली जा रही भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा रविवार को साहिबगंज पहुंची. छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में युवाओं ने पैदल मार्च किया और भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग बुलंद की.



देवेंद्र नाथ महतो ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड के युवा वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन भर्ती प्रक्रिया में देरी और परीक्षाओं को लेकर लगातार उठ रहे सवालों से उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है.
उन्होंने सरकार से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, समयबद्ध तरीके से परीक्षाएं आयोजित करने और सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति जल्द पूरी करने की मांग की. महतो ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भर्ती व्यवस्था में सुधार होने तक उनकी आवाज लगातार उठाई जाएगी. साहिबगंज में यात्रा के दौरान देवेंद्र महतो और उनके समर्थकों ने पैदल मार्च कर युवाओं को आंदोलन से जुड़ने का आह्वान किया.

